
धर्मशाला। ब्लॉक महिला कांग्रेस धर्मशाला की बैठक का आयोजन शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा के निवास स्थान में किया गया। इसमें महिला कांग्रेस की सदस्यों ने शहरी मंत्री के समक्ष विभिन्न मांगें रखीं। बैठक में ब्लॉक महिला कांग्र्रेस महासचिव अनुपमा शर्मा ने कहा कि महिला कांग्रेस का विंग आजाद विंग होना चाहिए। उनकी बैठक के लिए किसी कार्यालय या स्थान की व्यवस्था की जाए ताकि महिला कांग्रेस की सदस्य बैठक का आयोजन एक छत के नीचे कर सकें। उन्होंने कहा कि जब मंत्री का कार्यक्रम विस क्षेत्र में होता है तो ब्लॉक महिला कांग्रेस को इसकी जानकारी नहीं होती है। मंत्री के प्रवास कार्यक्रम की जानकारी भी ब्लॉक महिला कांग्रेस की दी जाए। इस दौरान क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों की महिला मंडल की सदस्यों ने शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा के समक्ष अपने गांव और पंचायतों की समस्याएं रखीं। शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा ने कहा कि ब्लॉक महिला कांग्रेस की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। ब्लॉक महिला कांग्रेस को उनके प्रवास के बारे में एसएमएस के माध्यम से जानकारी दी जाएगी। उनकी बैठकों के लिए उचित स्थान की व्यवस्था भी की जाएगी।
इस मौके पर ब्लॉक महिला कांग्रेस की अध्यक्ष स्वर्णा सोनी ने समस्याओं के समाधान के आश्वासन पर मंत्री का आभार जताया। बैठक में शारदा बिष्ट, परिणति थापा, विमला चौधरी, अनुराधा शर्मा, किरण नरियाल, बबीता शर्मा, वंदना थापा, निशा सूद, सत्या संधु, कविता भाटिया आदि मौजूद रहीं।
