पारंपरिक खेती के लिए किया जागरूक

रोहडू। कृषि विज्ञान केंद्र मंडी के सौजन्य से सोमवार को विज्ञान केंद्र रोहडू के सभागार में जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इसमें किसानाें-बागवानों को पौध किस्म सहित कृषक अधिकार संरक्षण अधिनियम 2001 की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विधायक मोहन लाल ब्राक्टा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। इस अवसर पर कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के उपकुलपति डा. केके कटोच विशेष रूप से उपस्थित रहे। एसबीआई की रोहडू शाखा की ओर से सेब की विभिन्न किस्मों की प्रदर्शनियां भी लगाई गईं। कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के उपकुलपति ने बताया कि किसानों के आर्थिक उत्थान करने के लिए विभिन्न कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने लाल चावल की छोहारटु किस्म की अधिक से अधिक खेती करने का भी सुझाव दिया। विश्वविद्यालय के बॉयोटेक केंद्र के पूर्व निदेशक डॉ. एसआर ठाकुर ने भी पारंपरिक अनाज की खेती अधिक से अधिक स्तर पर करने के प्रति किसानों को जागरूक किया। इस अवसर पर कृषक अधिकारी अधिनियम की विस्तृत जानकारी भी दी गई। एसबीआई बैंक के वरिष्ठ प्रबंधक जगदीश चंद ने बैंक की ओर से कृषकों के लिए चलाई जा रही विभिन्न लाभकारी योजनाओं के बारे में बताया। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ईश्वर दास छवारू, ब्लॉक महासचिव दिनेश चौहान, कृषक सलाहकार समिति अध्यक्ष खुशी राम चौहान, कार्यालय एवं संगठन मंत्री सोहन लाल चौहान, राजकुमारी सोनी, किरण दत्ता, कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. नरेंद्र कायथ, डॉ. कुशाल सहित भारी संख्या में किसान-बागवान उपस्थित थे।

Related posts