
रुद्रपुर। डाक विभाग की बीमा योजना भी अब ऑनलाइन होने जा रही है। विभाग मैक नाम से नया सॉफ्टवेयर तैयार कर रहा है। इसे अगले महीने से लागू करने की योजना है। नई व्यवस्था शुरू होने से डाक जीवन बीमा सदस्य घर बैठे अपने खाते की जानकारी जुटा सकेंगे। डाक जीवन बीमा योजना अब तक मैनुअल चल रही है। इसमें तमाम फर्जीवाड़े की शिकायत मिल रही थी। सदस्य हेराफेरी और गड़बड़ियों का आरोप लगा रहे थे। उनका कहना था कि एजेंट प्रीमियम तो ले लेते हैं, लेकिन समय से धनराशि जमा नहीं करते। इसे देखते हुए विभाग ने अब नया साफ्टवेयर बनाया है। इसके जरिए बीमा योजना ऑनलाइन हो जाएगी। घपला होने की पर सॉफ्टवेयर अलर्ट कर देगा। मैक नाम से नया साफ्टवेयर इन्फोसिस से तैयार कराया है। सूत्रों के मुताबिक विभाग इसमें बीमा ग्राहकों का लेखा जोखा रखेगा। ग्राहक जब अपनी किस्त जमा करेगा तो उसका ब्यौरा तुरंत चेन्नई स्थित सर्वे पर सुरक्षित हो जाएगा।
