
काशीपुर। डेंगू बुखार ने क्षेत्र में दस्तक दे दी है। डेंगू के चार रोगियों को एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें दो पड़ोसी जनपद के और दो स्थानीय हैं। परंतु चिकित्सा विभाग को अभी तक इसकी खबर नहीं है।
इस सीजन में क्षेत्र में डेंगू का एक भी केस नहीं था। अब डेंगू ने दस्तक दे दी है। जीवन रेखा अस्पताल में 15 सितंबर को ग्राम जटपुरा थाना थाना ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद) यूपी निवासी ध्यान सिंह (60) पुत्र नत्थू सिंह और उसका पुत्र धर्मवीर (23) को भर्ती कराया गया। दोनों को काफी बुखार था। रक्त की जांच में ध्यान सिंह का प्लेटलेट मात्र 25 हजार और धर्मवीर का 55 हजार पाया गया। शहर निवासी मंजूर सिंह पुत्र त्रिलोक सिंह को 20 सितंबर को जीवन रेखा अस्पताल में भर्ती कराया गया। रक्त की जांच में उनका प्लेटलेट 25 हजार मिला। उनको भी डेंगू था। तीनों मरीज को प्लेटलेट चढ़ाया गया। अस्पताल प्रमुख चिकित्सक डा. आनंद एंकर ने बताया कि उपचार और प्लेटलेट चढ़ाने से तीनों रोगियों के स्वास्थ्य में सुधार है। अब ध्यान सिंह का प्लेटलेट 40 हजार, धर्मवीर का एक लाख4 हजार और मंजूर सिंह का 50 हजार है। मंजूर सिंह ने बताया कि वह दिल्ली और लखीमपुर (यूपी) गए थे। संभवत: वहीं डेंगू मच्छर ने काट लिया होगा। इसके अलावा ग्राम हरिया वाला निवासी निपेंद्र (34) भी जीवन रेखा अस्पताल में भर्ती है। उसे भी डेंगू बताया जाता है।
