किसानों को भुगतान करने के निर्देश

जसपुर। शहर के पश्चिमी भाग में बरसाती पानी निकासी समस्या को हल करने के लिए स्वागत रेस्टोरेंट से चोरखाला नदी तक ढाई मीटर चौड़ा 2.5 किमी लंबा नाला निर्माण कराया जाएगा। यह नाला राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बनेगा। नाले का निर्माण आपदा राहत योजना के अंतर्गत कराया जाएगा। एनएच को सर्वे कर एस्टीमेट तैयार करने के सरकार ने निर्देश दिए हैं।
विधानसभा सत्र में भाग लेकर लौटे विधायक डा. शैलेंद्र मोहन सिंघल ने अपने निवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रदेश की सरकारी एवं सहकारी चीनी मिलों के गन्ना किसानों के गन्ना मूल्य का शत-प्रतिशत भुगतान किए जाने के सरकार ने धन उपलब्ध कराकर मूल्य भुगतान के आदेश दिए हैं। मुंसिफ मजिस्ट्रेट की अदालत के भवन एवं अधिकारियों व कर्मचारियों के आवास के लिए भूूमि का चयन कर लिया गया है। अदालत के भवन एवं आवासीय भवन निर्माण के लिए धनराशि का अनुपूरक बजट से प्रावधान किया गया है। महुवाडाबरा में आईटीआई भवन निर्माण के लिए 90 लाख रुपये अवमुक्त किए जाने के संभावना है। विद्युत सब स्टेशन का निर्माण अब कलियांवाला नहर के पास सरकारी भूमि में कराया जाएगा। विद्युत समस्या से निपटने एवं आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नगर की पुरानी विद्युत लाइन बदलवा कर प्लास्टिक कोटेड वायर डाले जाएंगे। इस अवसर पर अतीकुर्रहमान, ब्लाक प्रमुख रवि कुमार, दूल्हे खां, कीर्ति त्यागी, चौधरी बृववीर सिंह, तरुण गहलौत, जाकिर हुसैन, जैनेंद्र पाल जोशी, संजय कांबोज आदि मौजूद थे।

Related posts