
चिन्यालीसौड़। प्रखंड के सर्प गांव निवासी 25 वर्षीय ममता देवी की मौत का मामला तूल पकड़ने लगा है। महिला के पिता ने पति समेत तीन लोगाे पर हत्या का आरोप लगा डीएम से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
मृतका के पिता टिहरी जिले के रावत गांव प्रतापनगर निवासी नानकचंद रमोला ने डीएम को सौंपे पत्र में कहा कि उनकी पुत्री ममता की शादी 28 सितंबर 2009 को उत्तरकाशी जिले के सर्प गांव निवासी रजनीश पुत्र स्व. बलदेव सिंह परमार से हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुरालियों ने उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। जिस पर ममता कई बार ससुराल छोड़ मायके भी आई। बताया कि बेटी की खुशी के लिए उन्होंने कई बार ससुरालियों की मांग पूरी कर जेवरात भी बनाए। लेकिन उन्होंने उत्पीड़न नहीं छोड़ा। बताया कि 3 अप्रैल 2013 को ममता ने ऋषिकेश में पुत्री को जन्म दिया तो ससुरालियों ने उसे मनहूस बताकर उत्पीड़न तेज कर दिया। तब से ममता मानसिक तनाव में आ गई और गत रविवार को ससुरालियों ने उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतका के पिता ने पति, सास व छोटी ननद पर हत्या का आरोप लगाते हुए डीएम से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
कोट
हम पर लगाए जा रहे सभी आरोप निराधार हैं। यह हमें फंसाने की साजिश है। मैंने अपनी पत्नी का पूर्व में दिल्ली में भी उपचार कराया था। ममता की सीएचसी चिन्यालीसौड़ में उपचार के दौरान मौत हुई। – रजनीश परमार, मृतका का पति
कोट
महिला को उपचार के लिए अस्पताल में लाया गया था। वह टाइफाइड से पीड़ित थी और काफी कमजोर थी। उपचार के दौरान महिला की मौत हुई। – डा. जितेंद्र भंडारी, सीएचसी चिन्यालीसौड़
