
कांगड़ा। ड्यूटी में कोताही बरतने पर खंड विकास कार्यालय कांगड़ा के तहत कार्यरत एक पंचायत सहायक को निलंबित कर दिया गया है। महकमे ने पंचायत सहायक राजेंद्र कुमार को सस्पेंड किया है। पंचायत सहायक कांगड़ा खंड विकास के तहत पंचायत बालूग्लोआ में तैनात था। आरोप है कि यह सहायक पिछले कई दिनों से अपनी ड्यूटी से गैर हाजिर था।
इस पर महकमे ने पंचायत सहायक को चेतावनी भी दी। इसके बाद विभाग ने पंचायत सहायक को तीन नोटिस भी जारी किए। लेकिन पंचायत सहायक विभाग को जारी किए नोटिसों का जवाब भी संतोषजनक नहीं दे पाया। महकमे ने अपनी कार्रवाई को बढ़ाते हुए उसे निलंबित कर दिया है। बीडीओ कांगड़ा शशि पटियाल ने पंचायत सहायक राजेंद्र कुमार को निलंबित किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि ड्यूटी में कोताही बरतने के आरोप में बालू ग्लोआ पंचायत में तैनात पंचायत सहायक को निलंबित किया गया है। उन्होंने बताया कि पंचायत सहायक की अकसर ड्यूटी से नदारद रहने की शिकायतें मिली थीं। नियमानुसार महकमे ने उसे निलंबित किया है। बीडीओ ने बताया कि इसके अलावा खंड विकास कार्यालय में तैनात एक चपड़ासी भी अपनी ड्यूटी में कोताही बरतता था। विभाग ने उसके खिलाफ भी कार्रवाई करने का फैसला लिया है। इस मामले में उसे भी निलंबित करने के लिए पंचायती राज निदेशक से सिफारिश की गई है।
