धौलछीना को अलग तहसील बनाने का विरोध

अल्मोड़ा। धौलछीना को अलग तहसील का दर्जा देने के निर्णय का क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने विरोध किया है। बैठक में वक्ताओं ने धौलछीना को अलग तहसील बनाने पर नाराजगी जताई और जिला मुख्यालय में आंदोलन करने की चेतावनी दी।
भैंसियाछाना ब्लाक के ज्येष्ठ उप प्रमुख लक्ष्मण सिंह रावत ने कहा कि धौलछीना को तहसील मुख्यालय बनाए जाने से भैंसियाछाना विकासखंड के बड़े क्षेत्र नाली, हरड़ा, बड़ेबीना, पेटशाल, डालाकोट, पांडेतोली, बाड़ेछीना, तोली, नाकोट सहित पनुवानौला, चिराला, नैणी की जनता को अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ेगा। ग्रामीणों को तहसील संबंधी कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से धौलछाना के लिए अधिक दूरी तय करनी पड़ेगी। जबकि इन क्षेत्रों से अल्मोड़ा जिला मुख्यालय की दूरी कम है।
अध्यक्षता करते हुए सांसद प्रतिनिधि और पूर्व ज्येष्ठ उप प्रमुख गणेश सिंह चम्याल ने कहा कि त्रिनैली, लिंगुणता, मंगलता, भैंसियाछाना, सल्ला मारकोट, नाली क्षेत्र के लोगों को भी छौलछीना में तहसील मुख्यालय बनने से लाभ नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार को क्षेत्र के विकास की चिंता है तो नौगांव रीठागाड में महाविद्यालय की स्थापना की जाए। बैठक में पूर्व कनिष्ठ उप प्रमुख गोपाल सिंह बिष्ट, मनोहर मटेला, खजान पेटशाली, हरीश पांडे, चंदन सिंह, रमेश राम, यशस्वी अधिकारी, बहादुर राम, पप्पू लाल, बलवंत सिंह, सुरेश राम, केशर सिंह, हीरा बल्लभ, कवींद्र सिंह, भुवन चंद्र, नवीन चंद्र, प्रेम राम आदि मौजूद थे।

Related posts