
बरठीं (बिलासपुर)। प्रदेश में सीमेंट के बढ़ते दामों पर विधायक बंबर ठाकुर अब और तल्ख हो गए हैं। उन्होंने कहा कि उनके सब्र का बांध अब टूट गया है। उन्होंने सीमेंट कंपनियों के साथ सीमेंट के दाम घटाने के लिए ‘जंग’ का ऐलान किया। इसके लिए बाकायदा उन्होंने जनता के साथ ही अन्य राजनीतिक दलों से भी साथ चलने का आह्वान किया है।
बरठीं क्षेत्र के तहत हाई स्कूल बड़गांव के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में उन्होंने कंपनियों को आडे़ हाथ लिया। उन्होंने कहा कि अब वह प्रदेश व जिला की गरीब जनता को सीमेंट कंपनियों की मनमानी को शिकार नहीं होने देंगे। उन्होंने दिसंबर महीने में कंपनियों के खिलाफ संघर्ष का बिगुल फूंकने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि एसीसी, अंबुजा व जेपी सीमेंट कंपनियों की मनमानी अब असहनीय हो गई है। बिलासपुर जिला को तीन-तीन सीमेंट कंपनियों की मार झेलनी पड़ रही है। यहां भी सीमेंट महंगा मिल रहा है। सीमेंट की एक बोरी 315 रुपये से भी अधिक दाम में खरीदना लोगों की मजबूरी बन गया है। पंजाब में यही सीमेंट की बोरी 280 या 290 में बिक रहा है। सीमेंट का मूल्य 280 या इससे कम होना चाहिए। इसे वह कम करके ही छोडे़ेंगे। इसके लिए वह संघर्ष करने को भी तैयार है। सीमेंट फैक्ट्रियों की वजह से स्वास्थ्य खराब हो बिलासपुर के लोगों का। घातक बीमारियों का वह दंश झेलें और मजे लूटे दूसरे राज्य। यह हरगिज नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन फैक्ट्रियों से निकलने वाले प्रदूषण की मार सबसे ज्यादा बिलासपुर झेल रहा है। लोग बीमारियों के शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि बंबर ठाकुर जो वादा करता है उसे पूरा निभाने का दम भी रखता है।
