विवि के छात्रों को पालिका की बसों में 50 फीसदी छूट

श्रीनगर। एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के छात्रों को नगर पालिका की बसों में अब आधा ही किराया देना पड़ेगा। पालिका अध्यक्ष विपिन मैठाणी ने छात्रों को किराए में 50 प्रतिशत छूट देने पर सहमति जताई है। रविवार से ही यह प्रक्रिया लागू हो जाएगी।
शनिवार को छात्र संघ अध्यक्ष विनीत पोस्ती के नेतृत्व में छात्र संघ पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल नगर पालिका अध्यक्ष विपिन मैठाणी से मिला। विनीत पोस्ती ने कहा कि नगर के आस-पास से आने वाले छात्रों को पालिका की बसों में नि:शुल्क सेवा दी जाए, जिस पर पालिका अध्यक्ष ने विवि के छात्रों को पालिका की बसों में 50 प्रतिशत छूट देने पर सहमति जताई। उन्होंने कहा कि विवि के विद्यार्थियों के हित में यह व्यवस्था रविवार से ही लागू हो जाएगी। विद्यार्थी को अपना वर्ष 2013-14 का परिचय पत्र आवश्यक रूप से अपने पास रखना होगा। छात्र संघ पदाधिकारियों ने नगरपालिका के टोल फ्री नंबर मिलने पर खुशी जताई। प्रतिनिधिमंडल में कोषाध्यक्ष रविंद्र खाती, अंकित बर्त्वाल, विमल राणा, सुमित चौधरी और हर्ष रौथाण आदि मौजूद थे।

Related posts