निलंबन वापस न लेने पर स्कूल में तालाबंदी

धुमाकोट। राजकीय प्राथमिक विद्यालय चमाडा की प्रधानाध्यापिका सुनीता नेगी का निलंबन वापस न लेने से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को विद्यालय में तालाबंदी कर दी। इसके बाद वे बीईओ कार्यालय नैनीडांडा पहुंचे और वहां धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने निलंबन वापस न लेने पर कार्यालय में तालाबंदी की चेतावनी दी। जानकारी होने पर एसडीएम सोनिया पंत ने वहां पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया। इसके साथ ही दो दिनों में मामले की जांच कर निर्णय लेने का आश्वासन दिया।
चमाडा की प्रधानाध्यापिका सुनीता नेगी और प्राथमिक विद्यालय डाडवाडी के सहायक अध्यापक अमर सिंह को अनुपस्थित पाने पर बीईओ की संस्तुति पर जिला शिक्षाधिकारी बेसिक ने निलंबित कर दिया था। जिसके विरोध में ग्रामीणों ने 9 सितंबर को बीईओ कार्यालय में तालाबंदी कर दी थी। उस समय भी एसडीएम की ओर से जांच का आश्वासन के बाद तालाबंदी खोली गई थी। लेकिन कार्रवाई न होने पर ग्रामीण फिर भड़क गए और तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। धरना प्रदर्शन करने वालों में अभिभावक संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, जंग बहादुर नेगी, एमडी रावत, सुरेंद्र प्रताप, सोहन सिंह, बचन सिंह, विनोद कुमार, ललित मोहन, आशा देवी, लक्ष्मी देवी, अनीता देवी, दिलबर दास, नंदीलाल और भूपाल आदि शामिल थे।

Related posts