
गंगोलीहाट। छात्रसंघ चुनाव में पहली बार कोई छात्रा अध्यक्ष पद पर काबिज हुई है। एनएसयूआई की ज्योति ने अपने प्रतिद्वंद्वी एबीवीपी के पवन कार्की को 17 वोटों से हराया। ज्योति को 210 और पवन को 193 वोट मिले, जबकि 26 वोट रद हुए। छात्रसंघ के सभी पदों पर एनएसयूआई ने बाजी मारी है।
उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के गोपाल सिंह 227 वोट लाकर जीते। मुकुल कार्की को 133 मत मिले, जबकि 69 वोट रद हुए। छात्रा उपाध्यक्ष में 227 वोट लाने वाली नीमा रावल ने नेहा पांडेय को 84 वोट से हराया। 59 वोट रद हुए। सचिव पद पर गिरीश ने रवींद्र प्रसाद को 114 वोटों से हराया। गिरीश को 235 और रवींद्र को 121 मत मिले। सबसे ज्यादा 73 वोट निरस्त हुए। 524 में से 429 ने मताधिकार का प्रयोग किया। संयुक्त सचिव पद पर संजय सिंह और कोषाध्यक्ष पद पर संजय पहले ही निर्विरोध चुने गए। प्राचार्य सुशील कुमार गुरुरानी ने विजयी प्रत्याशियों को शपथ दिलाई। जीत के बाद छात्रों ने जश्न मनाया। इससे पूर्व शनिवार को अपराह्न दो बजे तक मतदान हुआ। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए बड़ी तादाद में पुलिस बल तैनात था।
