
हल्द्वानी। रामपुर रोड पर छेड़छाड़ और हंगामा करने वाले मनचलों ने ही सिंधी चौक के फ्रूट मार्केट में आग लगाई थी। पुलिस ने व्यापारी की तहरीर पर दो युवकों के खिलाफ छेड़छाड़ और आगजनी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले को लेकर भाजपा विधायक बंशीधर भगत और मेयर सहित कई व्यापारी एसपी सिटी से मिले थे।
शुक्रवार रात करीब नौ बजे रुद्रपुर निवासी राहुल और उसके कुछ साथी रामपुर रोड पर सिंधी चौक के पास लड़कियों से छेड़छाड़ कर रहे थे। तभी वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें रोका। राहुल को छोड़कर अन्य युवक वहां से फरार हो गए। लोगाे ने राहुल को पकड़ लिया। उसकी पिटाई की गई। बाद में पुलिस के आने पर पार्षद से पुलिस का विवाद हो गया। राहुल मौका पाकर फरार हो गया। पुलिसकर्मी की पार्षद राजेंद्र कुमार अग्रवाल से अभद्रता और आए दिन होने वाली घटनाओं के विरोध में लोगों ने वहां बवाल कर दिया। लोगों ने रामपुर रोड जाम कर दी। एसपी सिटी की गाड़ी तक घेर दी। काफी समझाने के बाद लोगों ने कोतवाली जाकर राहुल और उसके साथियों के खिलाफ तहरीर देकर वहां भी हंगामा किया। बाद में वे लौट आए। रात करीब साढ़े बारह बजे सिंधी चौक के पास सोहन लाल गुप्ता, मोहन लाल गुप्ता, रोशन लाल गुप्ता, नयाकत, सादिक और बिशन दास की दुकान में अचानक आग लग गई। लोगों को आरोप था कि आग राहुल और उसके साथियों ने लगाई, क्योंकि छेड़छाड़ के वक्त उनका एक दुकानदार से भी विवाद हुआ था।
शनिवार सुबह मनचलों पर आगजनी का आरोप लेकर पीड़ित व्यापारी, पार्षद राजेंद्र कुमार, पार्षद महेंद्र नागर एवं कई अन्य व्यापारी भाजपा विधायक बंशीधर भगत और मेयर जोगेंद्र रौतेला के साथ एसपी सिटी के पास पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि छेड़छाड़ की घटना के विरोध में राहुल और उसके साथियों ने पेट्रोल डालकर एक व्यापारी की दुकान में आग लगाई, जिससे सारी दुकानें जल गई। अब राहुल उन्हें धमकी दे रहा है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने राहुल और हल्द्वानी निवासी युगल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
