
चंपावत। ग्राम पंचायत पोथ के मतदान केंद्र गंगसीर को बदलकर खिरद्वारी किए जाने से क्षेत्र के ग्रामीण भड़क गए हैं। उन्होंने इस संबंध में मंडलायुक्त अवनेंद्र सिंह नयाल और जिलाधिकारी दीपेंद्र कुमार चौधरी को ज्ञापन देकर विरोध प्रकट किया है।
सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश सिंह, नारायण सिंह, गुमान सिंह, लाल सिंह, गणेश सिंह, हर सिंह, प्रयाग दत्त, तारा सिंह, मदन सिंह, राजेंद्र सिंह, दीवान सिंह आदि ग्रामीणों की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि प्राथमिक विद्यालय गंगसीर में आजादी के बाद से ही मतदान केंद्र चल रहा है, जिसके तहत निगाली, कलसुनिया, पोथकालडान, खर्कलाइजर, गंगसीर, हैड़ा पोथ आदि राजस्व गांव आते हैं। उनका कहना है कि गंगसीर सभी गांवों से समान दूरी पर स्थित है, लेकिन निजी स्वार्थों के चलते मतदान केंद्र को बदलकर 14 किलोमीटर दूर कर दिया गया है, जो जनहित के खिलाफ है। ग्रामीणों ने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए मतदान केंद्र को यथावत रखने और इस मामले की एसडीएम टनकपुर से जांच किए जाने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन का सहारा लेने को विवश होंगे।
