
लोहाघाट। शुक्रवार को हुए छात्रसंघ चुनावों के बाद रात में कई प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशियों के समर्थकों ने एनएसयूआई के नवनिर्वाचित अध्यक्ष ललित पाटनी और उसके समर्थकों के साथ मारपीट कर दी। मारपीट में कई छात्र घायल हो गए। छात्र अध्यक्ष ने सात लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष अशोक कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पांच लोगों को पुलिस ने रात में ही गिरफ्तार कर लिया था।
थानाध्यक्ष ने बताया कि एनएसयूआई के छात्र जिला पंचायत के डाकबंगले में रात 10 के आसपास भोजन बना रहे थे। इसी दौरान भाजयुमो और एबीवीपी से जुड़े छात्रों ने वहां पहुंचकर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है। सातों के विरुद्ध आईपीसी की धारा 147, 148, 452, 323, 504, 506/427 के तहत मामला दर्ज कर दिया है। अन्य युवकों की तलाश की जा रही है। मामले की जांच एसआई दीपक बिष्ट कर रहे हैं। एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष भोला सिंह बोहरा के अनुसार उक्त घटना में कई छात्र चोटिल हुए हैं। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा देने का अनुरोध किया है।
