छात्र संघ चुनाव में एनएसयूआई का कब्जा

टनकपुर। राजकीय महाविद्यालय छात्र संघ चुनाव में अध्यक्ष समेत सभी पदों पर एनएसयूआई ने कब्जा जमाया। अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के दीपक प्रसाद ने संदीप सिंह को 164 मतों के अंतर से पराजित किया। दीपक को 365 और संदीप को 201 मत मिले ।
उपाध्यक्ष पद पर छात्रा उत्पल शर्मा ने सद्दाम हुसैन को 245 मतों से शिकस्त दी। उत्पल के पक्ष में 387 व सद्दाम के पक्ष में 142 मत पड़े। सचिव पद पर मुकेश पांडेय ने हिम्मत सिंह कुंवर को 223 मतों के अंतर से पराजित किया। मुकेश को 388 और हिम्मत को 165 वोट मिले। संयुक्त सचिव पद पर मो. हारून ने मो. उस्मान को 251 मतों के अंतर से हराया। हारून को 395 और उस्मान को 144 वोट मिले। कोषाध्यक्ष पद में अरुण सिंह बोहरा ने रोहित सिंह ठाकुर को 230 मतों से हराया। अरुण को 388 और रोहित को 158 वोट मिले। छात्रा उपाध्यक्ष पद पर सुनीता धामी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी है। कुल 753 में से 582 छात्र-छात्राओं ने मतदान किया। मतों की गिनती के बाद चुनाव प्रभारी डा. सर्वजीत सिंह ने परिणामों की घोषणा की। प्रचार्या प्रो. करुणा खुन्नू ने विजेता प्रत्याशियों को शपथ दिलाई। चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए कोतवाल नरेश चंद के नेतृत्व में कालेज परिसर में भारी पुलिस फोर्स तैनात रहा। चुनाव परिणामों की घोषणा के समय एसडीएम जेएस राठौर, सीओ पीएस पांगती भी कॉलेज परिसर में मौजूद रहे। विजयी छात्र नेताओं ने देर रात तक शहर में जुलूस निकाल जीत का जश्न मनाया।

Related posts