स्कूली बच्चों को नहीं मिल पा रही राहत राशि

उत्तरकाशी/बड़कोट। आपदा प्रभावित क्षेत्रों के कई स्कूलों के छात्र-छात्राओं को राहत राशि नहीं मिल पाई है। इस कारण जनप्रतिनिधियाें के साथ ही छात्र नेता आक्रोशित हैं। उन्होंने प्रशासन पर भेदभाव बरतने का भी आरोप लगाया।
एनएसयूआई की बैठक में छात्र नेताओं ने कहा कि असी गंगा घाटी के प्रभावित स्कूलों के छात्र-छात्राओं को अभी सीएम की घोषणा के अनुरूप 500-500 रुपये की सहायता राशि नहीं मिल पाई है। जबकि नगर के कई स्कूलों में यह राशि बांट दी गई है। कहा कि प्रशासन राहत वितरण में भेदभाव बरत रहा है। बैठक में मनीष राणा, दिनेश पांडे, शिव प्रसाद भट्ट, गौतम, नेहा, हिमानी, नीता, बंटी, सूरज, दिपेंद्र, जसपाल आदि उपस्थित रहे।
महाविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष प्रदीप कैंतुरा ने भी महाविद्यालय प्रशासन ने स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश करने वाले छात्र-छात्राओं को भी राहत राशि देने की मांग की। बड़कोट क्षेत्र के भी कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को अभी तक राहत राशि नहीं मिल पाई। जिला पंचायत सदस्य संजय डोभाल ने बताया कि जिन विद्यालयों को राहत राशि मिल भी गई है उन्होंने अभी तक वितरित नहीं की।

Related posts