नर्सें आज से एक शिफ्ट में करेंगी काम

अल्मोड़ा/बागेश्वर। सिस्टर इंचार्ज के पद को राजपत्रित पद घोषित करने समेत आठ सूत्रीय मांगों को लेकर नर्सेस एसोसिएशन के आह्वान पर अल्मोड़ा में नर्सों ने रविवार से प्रात: आठ से दो बजे तक एक ही शिफ्ट में काम करने का ऐलान किया है। बागेश्वर में भी नर्सें एक शिफ्ट में ही काम करेंगी। दूसरी शिफ्ट में संविदा नर्सों से व्यवस्था की जाएगी।
संगठन की सचिव सुरजीत कौर ने बताया कि निदेशालय में अपर निदेशक, संयुक्त निदेशक, उप निदेशक के पदों का सृजन करने, कुमाऊं और गढ़वाल मंडल में एक-एक अपर निदेशक और संयुक्त निदेशक के पद का सृजन कर पदोन्नति करने, सरकारी नर्सिंग सेवकों को एमएससी नर्सिंग प्रशिक्षण में वरिष्ठता के आधार पर भेजने, बीएससी नर्सिंग और एमएससी नर्सिंग सेवकों को दो वेतनवृद्धि की मांगों को लेकर अस्पतालों में तैनात नर्सें 22 सितंबर से प्रात: आठ से दो बजे तक एक शिफ्ट में कार्य करेंगीं। इधर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. गीता शर्मा ने बताया कि नर्सों की हड़ताल को देखते हुए अल्मोड़ा में ट्रेनिंग कर रही नर्सों को वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर अस्पतालों में काम पर लगाया जाएगा।

Related posts