धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई

अल्मोड़ा। साधन सहकारी समिति फलसीमा अल्मोड़ा में वित्तीय अनियमितता पकड़ में आई है। जिला सहायक निबंधक सहकारी समितियां आनंद एडी शुक्ला ने इस संबंध में कोतवाली में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने क्षेत्र के तत्कालीन पटवारी नंद किशोर आर्या और सचिव केदार सिंह नेगी के खिलाफ धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
जिलाधिकारी अक्षत गुप्ता ने साधन सहकारी समिति फलसीमा में हुई गड़बड़ी की जांच 27 अगस्त 2013 को जिला सहायक निबंधक सहकारी समितियां आनंद एडी शुक्ला को सौंपी थी। जांच में 2007 से 2009 तक फलसीमा समिति में कृषकों को ऋण वितरण के लिए तैयार किए जाने जाने वाले भू संपत्ति रजिस्टर में गड़बड़ी पाई गई। रजिस्टर में कृषकों की भूमि को वास्तविक से कई गुना अधिक दर्शाया गया। राजस्व क्षेत्र अल्मोड़ा सदर, एनटीडी, चितई, फलसीमा-पाखुड़ा और रैखोली के कृषकों की भूमि संपत्ति विवरण को तत्कालीन अमखोली क्षेत्र के पटवारी नंद किशोर आर्या ने सत्यापित और प्रमाणित किया।
पटवारी ने 2007 से तीन पूर्व के रजिस्टरों को भी सत्यापित कर दिया। जांच में यह भी पाया गया कि सचिव की मिली भगत से ऋण लेने वाले काश्तकार को ही अन्य ऋण लेने वाले कई अन्य काश्तकारों का जमानती बना दिया गया। समिति के एक ऋणी को 13 अन्य लोगों का जमानती बनाया गया। जांच रिपोर्ट में फर्जीवाडे़ का मास्टर माइंड समिति सचिव केदार सिंह को बताया गया है। जांच आख्या में सहकारी बैंक की नंदादेवी शाखा के तत्कालीन प्रबंधक राजेंद्र सिंह बोरा पर भी दायित्वों का निर्वहन सही तरीके से नहीं करने की बात कही गई है। हालांकि उनके खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस ने बताया है कि जिला सहायक निबंधक की रिपोर्ट पर तत्कालीन पटवारी नंद किशोर आर्या और सचिव केदार सिंह नेगी के खिलाफ धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

Related posts