
शिमला। एपीजी यूनिवर्सिटी में छात्राओं को परेशान करने का मामला शांत हो गया है। आरोपी प्रो वाइस चांसलर को विश्वविद्यालय से हटाने के बाद शिकायतकर्ता छात्राओं ने पुलिस से बात करने से इंकार कर दिया है। शनिवार को मौके पर बयान लेने गई पुलिस को छात्राओं ने प्रबंधन की कार्रवाई से संतुष्ट होने की बात कहकर लौटा दिया। डीएसपी सिटी पंकज शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय की छात्राओं ने शिकायत नहीं की है।
पिछले रोज एपीजी यूनिवर्सिटी के प्रो. वाइस चांसलर पर कुछ छात्राओं ने कॉल कर परेशान करने का आरोप लगाया था। छात्राओं ने इसके बारे में विवि प्रबंधन को शिकायत की थी। छात्राओं का आरोप था कि लंबे अरसे से मोबाइल पर कॉल करके उन्हे तंग किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विवि प्रबंधन ने प्रोफेसर को संस्थान से हटा दिया। इसके बाद शनिवार को छात्राओं ने पुलिस से बात नहीं की और विवि प्रबंधन की कार्रवाई को सराहा।
