
सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल से नौकरी का झांसा देकर नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म करने के आरोपी तथा इस मामले में संलिप्त उसकी बहन एवं बहनोई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शनिवार को तीनो आरोपियों को चंडीगढ़ में उनके मूल ठिकाने से पकड़ा। आरोपियों को पूछताछ के लिए सरकाघाट पुलिस थाना में लाया जा रहा है। एसएचओ सरकाघाट विरेंद्र जसवाल ने आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
तीनों आरोपी एक सितंबर को नाबालिग लड़की को नौकरी का झांसा देकर कार में बैठाकर अपने साथ चंडीगढ़ ले गए थे। जहां सोनू नाम के आरोपी ने नाबालिग को पांच दिन तक अपने पास रखा तथा उसके साथ दुराचार किया। इसके बाद लड़की को आधे रास्ते छोड़कर खुद फरार हो गया था। इस पूरे मामले में आरोपी युवक के साथ उसकी बहन तथा बहनोई की भी संलिप्तता सामने आई थी। पीड़िता तथा परिजनों की शिकायत आने के बाद पुलिस को तीनों की तलाश थी। पुलिस दल आरोपियों के चंडीगढ़ स्थित ठिकाने पर गया, लेकिन आरोपियों ने वहां से अपना ठिकाना बदल लिया। इस बीच कई बार अपना ठिकाना बदला। आरोपियों की तलाश में पुलिस को दिल्ली तक कूच करनी पड़ी। शनिवार को जब आरोपी चंडीगढ़ स्थित अपने मूल ठिकाने पर वापस पहुंचे तो गुप्तचरों की सूचना पर पुलिस दल ने तीनो को हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी बार-बार अपना ठिकाना बदल रहे थे। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस थाना सरकाघाट के एसएचओ विरेंद्र जसवाल ने बताया कि तीनो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों को आगामी कार्रवाई एवं पूछताछ के लिए सरकाघाट लाया जा रहा है।
