
गोहर (मंडी)। चैलचौक-करसोग सड़क पर बाढू के समीप लटोगली में हुए कार हादसे में चालक नेकराम ने भी दम तोड़ दिया। इस दुर्घटना में कार में सवार चारों युवकों की मौत हो गई है। एसएचओ गोहर नवीन झालटा ने नेक राम पुत्र उत्तम चंद निवासी लटोगली की मौत की पुष्टि की है। 15 सितंबर को लटोगली के पास ऑल्टो खाई में गिर गई थी। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई थी तथा एक अन्य युवक ने रोहांडा अस्पताल में दम तोड़ दिया था। दो युवकों को सुंदरनगर अस्पताल से पीजीआई रेफर किया गया था। तीन दिन पहले तीसरे घायल युवक ने भी दम तोड़ दिया। शनिवार को चौथे युवक चालक नेकराम ने भी जिंदगी से हार मान ली। लटोगली कार हादसे में चारों युवकों की मौत से कमरूघाटी में मातम छा गया है। प्रशासन की ओर से मृतक के परिवार को फौरी राहत के रूप में 15 हजार रुपये दिए गए।
