
शिमला। प्रदेश में शनिवार से प्रति लीटर दूध के दाम एक रुपये बढ़ गए हैं। तीन प्रमुख कंपनियों वेरका, वीटा और सुपर ने महंगाई और डीजल के बढ़ते दामों का तर्क देते हुए दामों में बढ़ोतरी की है। शनिवार से राज्य में वेरका, वीटा और सुपर का एक लीटर दूध 36 रुपये के बजाए 37 रुपये में मिलेगा। वीटा कंपनी के एजीएम अशोक गुप्ता और सुपर कंपनी के सीनियर मैनेजर विजय कुमार शर्मा ने दाम बढ़ने की पुष्टि की है।
सुबह की शुरुआत चाय की चुस्की के साथ करने वाले को अब पहले के मुकाबले जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी। कीमतों में बढ़ोतरी की वजह किसानों से दूध की खरीद लागत व परिवहन व्यय में बढ़ोतरी होना तय माना जा रहा है। बरसात के मौसम में दूध उत्पादन का घटना भी कारण बताया जा रहा है। सूबे में प्रतिदिन 40 हजार लीटर दूध की सप्लाई होती है। वहीं अकेले राजधानी शिमला में रोजाना 18 हजार लीटर की खपत है। महंगाई की मार झेल रहे लोगों को दूध के रेट बढ़ने से और अधिक परेशानी का सामना करना पड़ेगा। वेरका, वीटा और सुपर तीनों कंपनियों ने अपने दूध के दामों में विगत 30 मई को दो-दो रुपये की बढ़ोतरी की थी। यह बढ़ोतरी दूध के तीनों किस्म फुल क्रीम, टोंड तथा डबल टोंड पर की गई है। उस समय दूध 34 रुपये से बढ़ाकर 36 रुपये प्रति लीटर किया गया था।
