
टिहरा (मंडी)। क्षेत्र में टायफायड ने पांव पसारने शुरू कर दिए हैं। टायफायड से पीड़ित रोगियाें की संख्या में निरंतर इजाफा हो रहा है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टिहरा में हर रोज करीब एक दर्जन टायफायड के मरीज पहुंच रहे हैं। विभाग ने स्थिति से निपटने के लिए इंतजाम कर लिए हैं। मौसम में हो रहे परिवर्तन के साथ सर्दी, खांसी, जुकाम एवं बुखार तथा टायफायड के रोगियाें की संख्या बढ़ रही है। पीएचसी टिहरा में इन रोगों से पीड़ित हर रोज 8 से10 मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें अधिकांश लोग जलजनित रोगों की वजह से बीमार पड़ रहे हैं। हालांकि, अधिकांश मरीजाें को दवाइयां देकर घर भेज दिया जा रहा है, लेकिन टायफायड के बढ़ रहे प्रकोप ने लोगाें की मुश्किलाें को बढ़ा दिया है। कई बुजुर्ग एवं बच्चे इसकी चपेट में आ रहे हैं। दूसरी ओर विभाग ने लोगाें को विशेष एहतियात बरतने की हिदायत दी है। खंड स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी डा. संजय कुमार का कहना है कि मौसम परिवर्तन एवं पानी की समस्या से बीमारियां बढ़ रही हैं। विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है। हर स्थिति से निपटने के लिए विभाग तैयार है
