छात्रों की मांगों को लेकर शिमला में होगी रैली

मंडी। स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया मंडी कालेज इकाई का सम्मेलन में जहां साल भर की गतिविधियों पर चर्चा की गई, वहीं सरकार की छात्र विरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की गई। सम्मेलन में मुख्य वक्ता राज्य कमेटी सदस्य एवं मंडी जिला उपाध्यक्ष संजय जम्वाल रहे। इकाई सचिव सागर ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। संजय जम्वाल ने कहा कि आज के समय में छात्रों के समक्ष बहुत सी चुनौतियां हैं। शिक्षा का निजीकरण और व्यापारीकरण हो रहा है। सरकार चाहे कांग्रेस की रही हो या भाजपा की, दोनाें ही सरकाराें की नीतियां हमेशा छात्र विरोधी रही हैं। शिक्षा क्षेत्र में बजट की कटौती की जा रही है, जबकि रूसा को जबरदस्ती थोप दिया गया। राज्य कमेटी सदस्य ने कहा कि शिक्षा पर 60 प्रतिशत बजट खर्च करने, रूसा प्रणाली को बंद करने तथा छात्रों की अन्य मूलभूत मांगों को लेकर एसएफआई 12 नवंबर को शिमला में रैली निकालेगी। इस रैली में मंडी जिले से एक हजार छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। एसएफआई के पूर्व नेता रवि कांत ने भी अपने विचार रखे। निर्णय लिया गया कि एसएफआई भगत सिंह के जन्मदिवस पर 27 सितंबर को सेरी मंच पर रक्तदान शिविर लगाएगी। एसएफआई का जिला सम्मेलन 5-6 अक्तूबर को आयोजित किया जाएगा। 17 सदस्यीय कमेटी का चयन भी किया गया। इसमें अध्यक्ष ललित कुमार को चुना गया। जबकि, सचिव यशपाल सिंह, उपाध्यक्ष प्रीति, कमलजीत, टेक चंद एवं पूजा, सहसचिव अजय, नितीश कुमार एवं तरुण कुमार, कोषाध्यक्ष लोकपाल तथा कमल, सुधीर, शैली, सुशील, काहन सिंह, राजेंद्र एवं विशाल को कमेटी सदस्य चुना गया।

Related posts