पाली में दिनदिहाड़े नकदी और जेवरात साफ

पधर (मंडी)। उपमंडल की ग्राम पंचायत पाली में शुक्रवार सुबह चोरों ने एक मकान में सेंध लगाकर नकदी और आभूषण उड़ा लिए। वारदात के दौरान घर में परिवार का कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। सभी लोग खेतों में काम करने गए थे। पधर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज की छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक पाली शिलग राज्य मार्ग के किनारे नेत्र सिंह पुत्र हजारा सिंह के मकान में चोरों ने सेंध लगा दी। चोरों ने मकान के मेन गेट पर लगे ताले को तोड़ने के लिए कट्टर का प्रयोग किया है। जबकि, मकान के अंदर कमरों में कोई तालेबंदी नहीं की गई थी। चोरों ने सभी कमरों में सेंध लगाते हुए सामान को इधर-उधर बिखेर दिया। मकान मालिक के बेडरूम में ट्रंक के ताले को गैंत से तोड़ा गया। इसमें रखी नकदी और आभूषण चोर ले गए। ट्रंक के ताले को तोड़ने के लिए प्रयोग में लाई गई गैंत को पुलिस ने बेडरूम से बरामद कर लिया है। मकान मालिक ने बताया कि ट्रंक में उसकी पत्नी जोगिंद्र देवी की सोने की एक जोड़ी बाली, एक चाक, झूमर एक जोड़ी और एक अंगूठी सहित कुछ नकदी थी। नेत्र लाल ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह खेतों में घास काटने गए थे। सुबह करीब 11 बजे वापस पहुंचे तो उन्होंने मेन गेट का ताला टूटा पाया तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने इसकी सूचना पधर पुलिस थाना को दी। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संजीव सूद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्हाेंने मौके से कुछ साक्ष्य भी जुटाए। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इस दौरान पुलिस ने समीप के जंगल में गश्त भी की। दिनदिहाड़े चोरी की वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पिछले एक हफ्ते से क्षेत्र में नकाबपोशों के घूमने के हो हल्ले से जहां लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। थाना प्रभारी संजीव सूद ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की धरपकड़ के लिए कार्रवाई तेज कर दी है।

Related posts