
धर्मशाला। शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा ने स्थानीय इंद्रुनाग पंचायत के दौरे के दौरान कहा कि टऊ में केंद्रीय विश्वविद्यालय की शीघ्र आधारशिला रखी जाएगी। इसके लिए सरकार की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। जल्द ही सीयू का धर्मशाला मेें निर्माण कार्य आरंभ किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इंद्रुनाग साइट को पैराग्लाइडिंग की दृष्टि से विकसित करने के लिए टेक ऑफ प्वाइंट वाले स्थान को वन क्षेत्र से बाहर किया जाएगा। इसके अलावा टऊ व चोला वार्डों को कजलोट पंचायत से हटाकर इंद्रुनाग नाम से नई पंचायत का गठन किया जाएगा। मंत्री ने शुक्रवार को स्थानीय टऊचोला गांव में जनसमस्याओं को सुना। उन्होंने बताया कि टऊचोला में दो हैंडपंप स्थापित किए जाएंगे। साथ ही टऊ में एक सप्ताह के भीतर हैंडलूम केंद्र आरंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन दो वार्डों में दो आंगनबाड़ी केंद्र भवनों तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण शीघ्र किया जाएगा। सुधीर शर्मा ने कहा कि वनगोटू-चोला सड़क का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाएगा तथा इस सड़क को मैकलोडगंज से जोड़ा जाएगा। कजलोट पंचायत के पूर्व प्रधान हंसराज ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा स्थानीय समस्याओं का जिक्र किया।
इस अवसर पर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष सुभाष नैहरिया, गद्दी कल्याण बोर्ड के सदस्य होशियार सिंह, गद्दी बहुद्देशीय यूनियन के प्रधान शुभकरण, निदेशक पर्यटन विकास निगम विजेंद्रकरण, निदेशक एचपीडीआईसी रामस्वरूप शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। बाद में शर्मा ने ढगवार, योल और बड़ौल में भी जनसमस्याओं को सुना।
सुधीर आज नरवाणा में
शहरी विकास एवं आवास मंत्री सुधीर शर्मा शनिवार को सुबह साढ़े 10 बजे नरवाणा-तंगरोटी खास व उसके साथ लगते क्षेत्रों के लिए सालिग-जरटेहड़ पेयजल योजना के संवर्द्धन एवं सुदृढ़ीकरण तथा साढ़े 11 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बगली की आधारशिला रखेंगे और लोगों की समस्याएं सुनेंगे। इसके उपरांत शाम 3 बजे शीला चौक पर शापिंग कांप्लेक्स और उपस्वास्थ्य केंद्र एवं 4 बजे अघंजर महादेव परिसर के सौंदर्यीकरण की आधारशिला रखेंगे।
