मुंबई हमला: भारत रवाना हुआ पाकिस्तानी न्यायिक आयोग

मुंबई हमला: भारत रवाना हुआ पाकिस्तानी न्यायिक आयोग

इस्लामाबाद: मुंबई हमले के मुख्य गवाहों से जिरह करने के लिए पाकिस्तान का एक न्यायिक आयोग आज भारत रवाना हो गया। आठ सदस्यीय आयोग वाघा सीमा से भारत में दाखिल हुआ। पाकिस्तान में मुंबई हमले को लेकर लश्कर-ए-तैयबा के स्वयंभू कमांडर जकीउर रहमान लखवी सहित सात संदिग्धों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई चल रही है। भारत रवाना होने से पहले विशेष सरकारी वकील चौधरी मोहम्मद अजहर ने कहा, ‘हम गवाहों से जिरह करेंगे और वापस लौटने के बाद अदालत के समक्ष रिपोर्ट दाखिल करेंगे।’

आयोग ने चार से पांच दिनों के लिए वीजा आवेदन किया था, पर भारतीय उच्चायोग ने सात दिनों के लिए वीजा जारी किया। ये वीजा मुंबई, दिल्ली, आगरा और अमृतसर के लिए हैं। इस आयोग का यह दूसरा भारत दौरा है। आयोग के दौरे में तीन बार विलंब हुआ। यह पहले 11 सितंबर को भारत रवाना होने वाला था, लेकिन गणेश चतुर्थी उत्सव के कारण इसे टाल दिया गया। भारत ने शुरूआत में आयोग से सितंबर की शुरूआत में दौरा करने के लिए कहा था, लेकिन पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस की उड़ान रद्द होने के कारण ऐसा नहीं हुआ। इसके बाद दौरे की तिथि सात सितंबर निर्धारित की गई, लेकिन उड़ान नहीं होने के कारण इसे फिर स्थगित कर दिया गया।

Related posts