
रुद्रपुर। लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कमला कुमारी ने कहा कि प्रदेश में आई दैवीय आपदा में हजारों परिवार बेघर हुए। उन परिवारों को आज तक उचित मुआवजा नहीं मिल पाया है। आरोप लगाया कि जो राहत सामग्री आ रही है उसे सरकार के मंत्री और अधिकारी बंदरबांट करने में लगे हैं। राष्ट्रीय महासचिव कमला कुमारी गुरुवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पूरन सिंह पंवार के आवास पर राज्य पार्लियामेंट्री बोर्ड की बैठक को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि आने वाले लोक सभा चुनावों में पार्टी पांचों सीटों पर चुनाव लड़ेगी। प्रदेश अध्यक्ष पंवार ने कहा कि प्रदेश में दलितों पर लगातार अत्याचार बढ़ते जा रहे हैं। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लेबर सेल के प्रदेश अध्यक्ष नाजिम साबरी ने कहा कि सिडकुल में ठेकेदारी प्रथा को बंद कराने के लिए धरना प्रदर्शन किया जाएगा। राज्य पार्लियामेंट्री बोर्ड के प्रदेश अध्यक्ष डा. नगीना कुमार पटेल ने कहा कि प्रदेश की पांचों सीटों पर पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ा जाएगा। इस मौके पर केसरलाल कन्नौजिया, डा. बलवंत सिंह, जयगोविंद, अनुज अग्रवाल, भुवन चंद्र जोशी, संजीवनराम, राजकुमार कोहली, सर्वेंद्र कुमार शर्मा, मोहनलाल भारती, बाबू सलीम अहमद आदि मौजूद थे।
