आयरन की गोली खाने से सातवीं का छात्र बेहोश

जैंती (अल्मोड़ा)। सर्वोदय इंटर कालेज जैंती में सातवीं कक्षा के एक छात्र ने आयरन की 16 गोली खा लीं। बाद में उसे अचानक उल्टी होने लगी और वह बेहोश होकर वहीं पर गिर पड़ा। उपजिलाधिकारी ने मौके पर पहुंच कर छात्र को नजदीक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया। छात्र की हालत अब खतरे से बाहर है।
सर्वोदय इंटर कालेज जैंती में 18 सितंबर को छात्र-छात्राओं को आयरन की गोलियां बांटी गई। सातवीं कक्षा के विमल शर्मा ने बृहस्पतिवार दोपहर में मीठी लगने के कारण करीब 16 गोलियां एक साथ खा लीं। इंटरवल में जब छात्र बाजार में घूम रहा था तो उसे उल्टी होने लगी और वह बेहोश हो गया। उपजिलाधिकारी शिवचरण द्विवेदी मौके पर पहुंचे और उन्होंने छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैंती में भर्ती कराया और प्रधानाचार्य को इसकी जानकारी दी। अस्पताल पहुंचने के बाद छात्र की हालत ठीक है। प्रधानाचार्य हरीश प्रसाद ने बताया कि स्कूल में विद्यार्थियों को आयरन की गोलियां 18 सितंबर को बांटी गई थी।

Related posts