
मंडी। एसएसबी प्रशिक्षित बेरोजगार गुरिल्ला संगठन जिला मंडी ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर वीरवार को रैली निकाल कर प्रदर्शन किया। इसके बाद उपायुक्त के माध्यम से केंद्रीय गृह मंत्री और प्रदेश सरकार को मांग पत्र प्रेषित किया। संगठन का कहना है कि केंद्र और प्रदेश सरकार प्रशिक्षित बेरोजगार गुरिल्लाओं की मांगों की अनदेखी कर रही है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष एमआर भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजित रैली में जिलाभर से आए एसएसबी गुरिल्लाओं ने भाग लिया और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की। प्रदेश अध्यक्ष एमआर भारद्वाज ने कहा कि संगठन पिछले छह साल से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहा है, लेकिन केंद्र और प्रदेश सरकार विचाराधीन मांगों पर मात्र आश्वासन ही दे रही है। संगठन ने केंद्र सरकार से मांग की है कि जो प्रस्ताव हिमाचल सरकार को गुरिल्लाओं के बारे में भेजा गया है, वह सरासर मजाक है। प्रदेश हाईकोर्ट ने गुरिल्लाओं के पक्ष में फैसला देते हुए केंद्र सरकार को मणिपुर की तर्ज पर प्रदेश के वालंटियरों का समायोजन करने को कहा था, लेकिन केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से हर बार आश्वासन ही दिया जा रहा है। रैली में जोगिंद्रनगर सर्कल अध्यक्ष जय चंद राणा, गोहर सर्कल के सचिव चिंत राम, तरसेम चंद, पवन, हुकम चंद, महिला विंग अध्यक्ष शीला देवी, सह सचिव रमेश कुमार आदि मौजूद रहे। संगठन के जिलास्तरीय चुनाव 19 अक्तूबर को करवाए जाएंगे।
