
भराड़ी (बिलासपुर)। घुमारवीं शहर में पार्किंग समस्या विकराल रूप धारण करती जा रही है। प्रशासन द्वारा इस समस्या के समाधान को कोई खास प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। वहीं, घुमारवीं शहर व्यापारिक दृष्टि से उभरता जा रहा है। बावजूद इसके इस समस्या को अनदेखा किया जा रहा है।
घुमारवीं शहर में पार्किंग नहीं होने के कारण शहर में नेशनल हाईवे के किनारे दोनों ओर वाहनों का जमावड़ा लगा रहता है। नेशनल हाईवे पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। शिमला-हमीरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बसे घुमारवीं शहर में भारी तादात में वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। यहां पर रोजाना हजारों वाहनों का आवागमन लगा रहता है। पार्किंग नहीं होने की वजह से लोग मजबूरी में अपने वाहन नेशनल हाईवे के किनारे दुकानों के बाहर खड़े करते हैं। इससे यहां पर हादसों का खतरा भी बना रहता है।
इस संदर्भ में नगर परिषद अध्यक्षा रीता सहगल ने कहा कि शहर में पार्किंग की समस्या से लोगों को जल्द ही निजात मिल जाएगी। एक पार्किंग का निर्माण कार्य तहसील परिसर के निचली तरफ चल रहा है। जोकि जल्द ही बनकर तैयार हो जाएगी। दूसरी पार्किंग का निर्माण मीट मार्केट के नजदीक होगा। इसका काम भी जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा।
