कार ने महिला को कुचला, चक्का जाम

कांगड़ा। मटौर से बगली की ओर पैदल जा रही महिला को एक वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर हालत में महिला को डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज ले जाया गया, जहां कुछ समय पश्चात उसकी मौत हो गई। दुर्घटना से गुस्साए परिजनों ने मटौर-बगली चौक पर चक्का जाम कर दिया। परिजन वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने लोगों को चालक की गिरफ्तारी की सूचना जैसे ही दी, उन्होंने जाम खोल दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अनसोली निवासी 38 वर्षीय सीमा देवी मटौर से पैदल बगली की ओर जा रही थी। इतने में धर्मशाला की ओर से आ रही कार के चालक ने महिला को कुचल दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घायल महिला को डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज टांडा पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। डीएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि चालक ने पहले कार को एक पेड़ से टक्कर मारी और बाद में महिला क ो कुचला और उसके बाद चालक ने एक अन्य पेड़ को टक्कर मार दी। उधर, महिला की मौत की खबर सुनते ही सैकड़ों ग्रामीणों ने मटौर-बगली चौक पर करीब आधा घंटा धरना दिया। इससे लंबा जाम लग गया। धरने की सूचना मिलते ही डीएसपी अशोक वर्मा, एसडीएम अजीत भारद्वाज व पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। धरने पर बैठे लोग चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। थाना प्रभारी महिंद्र सिंह मिन्हास ने बताया कि चालक को गिरफ्तार कर लिया है। चालक की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही लोगों ने रास्ता खोल दिया। डीएसपी ने बताया कि पुलिस घटना की छानबीन में जुटी हुई है।

Related posts