देह व्यापार की आशंका पर खंगाले होटल

धर्मशाला। जिला मुख्यालय स्थित कई होटलों में पुलिस ने वीरवार देर शाम दबिश दी। पुलिस ने पूरे दल-बल सहित कई होटलों में ताबड़तोड़ रेड की। इससे होटल व्यवसायियों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि जिला के अन्य शहरों में भी पुलिस ने वीरवार की रात होटलों का रिकार्ड खंगाला और वहां आवश्यक चेकिंग की।
सूत्रों के अनुसार होटलों में देह व्यापार जैसे धंधों की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने छापामारी की। रात करीब नौ बजे पुलिस के वाहन गोपनीय तरीकों से होटलों के आगे पार्क हो गए और पुलिस कर्मियों ने होटलों में प्रवेश किया। हालांकि देर रात खबर लिखे जाने तक पुलिस को किसी तरह की कोई अनियमितता होटलों में नजर नहीं आई। जबकि होटल प्रबंधकों को होटल में आने जाने वाले पर्यटकों का पूरा रिकार्ड अपडेट रखने के निर्देश दिए गए। सूत्र बताते हैं कि चौदहवें दलाईलामा और बौद्घ मठों की सुरक्षा के मद्देनजर संदिग्धों की आशंका के चलते भी पुलिस ने होटलों का रिकार्ड खंगाला। कोतवाली बाजार स्थित कई होटलों में इस दौरान चेकिंग की गई।
उधर, एडिशनल एसपी मोहित चावला ने बताया कि पुलिस ने एहतियातन होटलों का रिकार्ड खंगाला है। कई जगह से देह व्यापार को लेकर भी शिकायतें थीं। पुलिस का औचक निरीक्षण जारी रहेगा।

Related posts