
धर्मशाला। अब स्क्रब टायफस का टेस्ट करवाने के लिए मरीजों को टांडा या फिर आईजीएमसी शिमला नहीं जाना पड़ेगा। अब स्क्रब टायफस के टेस्ट धर्मशाला अस्पताल में करवाए जाएंगे। अस्पताल प्रशासन ने टेस्ट करवाने के लिए व्यवस्था कर दी है।
अब तेज बुखार होने पर तुरंत स्क्रब टायफस का पता चल पाएगा और मरीज का यहीं इलाज संभव हो सकेगा। पहले मरीजों में स्क्रब टायफस होने की संभावना पर मरीज के खून के सैंपल टांडा मेडिकल कालेज या फिर आईजीएमसी शिमला भेजे जा रहे थे। ऐसे में रिपोर्ट आने में काफी समय लग रहा था। इससे मरीजों को उपचार करवाने में काफी परेशानी पेश आ रही थी। कुछेक सीरियस मरीजों को इलाज के लिए टांडा भी रेफर किया जा रहा था। इससे मरीजों को इलाज करवाने में अतिरिक्त धन भी खर्च करना पड़ रहा था। अब टायफस के तमाम टेस्ट धर्मशाला अस्पताल में ही हो जाएंगे। साथ ही टेस्ट की रिपोर्ट भी मरीजों को तुरंत लैब से मिलेगी। इससे मरीजों को उपचार करवाने में अब बेहतर सुविधा मिलेगी।
उधर, सीएमओ डा. ध्रुव एस. गुरुंग ने बताया कि धर्मशाला अस्पताल में स्क्रब टायफस के टेस्ट होंगे। उन्होंने कहा कि इसके लिए लैब में व्यवस्था करवा दी गई है। मरीजों को टेस्ट करवाने आईजीएमसी या फिर टांडा मेडिकल कालेज नहीं जाना पड़ेगा।
