
नोएडा। मुजफ्फरनगर दंगों का असर इंजीनियरिंग कॉलेजों के एंरोलमेंट पर भी पड़ा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तीन जिलों में पिछले दिनों बंद के चलते महामाया टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एमटीयू) ने इस प्रक्रिया को 19 सितंबर तक बढ़ा दी है। एक महीने से चल रही प्रक्रिया में अब तक लगभग 50 हजार छात्र एंरोलमेंट करा चुके हैं।
सत्र 2012-13 में एमटीयू के 380 से ज्यादा इंजीनियरिंग, प्रबंधन और व्यावसायिक कोर्स के शिक्षण संस्थानों में लेट्रल एंट्री समेत लगभग 78 हजार ऑनलाइन एंरोलमेंट हुए थे, जिसके बाद प्रमाणपत्रों की जांच हुई तो दाखिले की संख्या 70 हजार तक पहुंच गई थी। इसमें हजारों फर्जी दाखिलों के मामले आए थे, जिसमें बड़ी संख्या में आरक्षित सीटों पर दिए गए गलत दाखिलों के भी केस थे। परीक्षाओं के समय तक दाखिलों की संख्या और कम हो गई थी। इस साल विश्वविद्यालय फर्जी दाखिलों को पकड़ने के लिए और सख्त कदम उठा रहा है। इसी कारण सत्र 2013-14 के लिए अभी तक लगभग 50 हजार एंरोलमेंट ही हुए हैं। कॉलेज भी गड़बड़ी करने से बच रहे हैं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद विश्वविद्यालय मूल प्रमाणपत्रों के साथ दाखिलों की जांच करेगा।
दरअसल, एमटीयू में सेशन 2013-14 के पहले साल के छात्रों के लिए एंरोलमेंट 16 अगस्त से शुरू हुए थे। कॉलेजों को 30 अगस्त तक का समय दिया गया था, लेकिन यूपी राज्य प्रवेश परीक्षा (एसईई) की काउंसलिंग के छात्रों के एंरोलमेंट 8 सितंबर के बाद शुरू हुए। इसके चलते प्रक्रिया 16 सितंबर तक बढ़ा दी गई थी। अब फिर कॉलेजों को तीन दिन का समय दिया गया है। दूसरी ओर, ग्रेजुएशन का फाइनल रिजल्ट न आने वाले छात्रों को भी एंरोलमेंट करने की छूट दे गई थी।
