
रुद्रप्रयाग। शहरी क्षेत्र में विद्युत लाइन ओवरलोड होने से बार-बार मुहल्लों में बिजली गुल हो रही है। वोल्टेज के उतार-चढ़ाव (फ्लेक्चुएशन) से विद्युत उपकरण भी फुंक रहे हैं। अनियमित विद्युत आपूर्ति से उपभोक्ता परेशान हैं।
नगर क्षेत्र के महादेव मुहल्ले और बस अड्डे में सबसे अधिक दिक्कत है। यहां एक फेस में बिजली चालू है, तो दूसरे में बंद है। यह दिक्कत ऊर्जा निगम द्वारा लोड के मुताबिक विद्युत लाइन नहीं बिछाए जाने के कारण आ रही है। बताया जा रहा है कि निगम द्वारा 25 केवीए (किलोवाट एंपियर) के ट्रांसफार्मर के मुताबिक विद्युत केबल बिछाई गई है, जबकि उपभोक्ताओं की संख्या अधिक होने के कारण 100 केवीए विद्युत सप्लाई की आवश्यकता है। महादेव मुहल्ला निवासी अरुण कप्रवाण बताते हैं कि तीन दिन से निगम फॉल्ट नहीं ढूंढ पाया है। कई बार बिजली गुल हो रही है। कई बार वोल्टेज इतना ज्यादा आ रहा है कि विद्युत उपकरण जल गए। इधर, ऊर्जा निगम के एसडीओ मनोज गुसाईं का कहना है कि लोड अधिक होने के कारण केबल हीट अप हो रही है, जिससे आपूर्ति प्रभावित हो रही है। कर्मचारी लाइन दुरुस्त करने में लगे हैं।
