16 करोड़ से संवारेंगे बागेश्वर

बागेश्वर। कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण ने क्षेत्र में खड़िया पट्टाधारकों द्वारा बरती जा रही अनियमितता का मामला सदन में उठाया। कपकोट क्षेत्र में रसोई गैस और राशन वितरण व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। उनके प्रश्न के जवाब में राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री यशपाल आर्य ने बताया कि जिले को आपदा राहत और पुनर्निर्माण कार्यों के लिए सरकार ने 16 करोड़ रुपये अवमुक्त कर दिए हैं।
विधायक फर्स्वाण ने सदन को बताया कि खड़िया लीज धारक सरकार और वन विभाग की भूमि पर रोपवे लगाकर अतिक्रमण करते रहे हैं। राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री यशपाल आर्य ने बताया कि पूर्व में शीशाखानी में एक रोपवे सीज हो चुका है। इसके अलावा किड़ई, ठाड़ाइजर और पोखरी में तीन खानों को नोटिस जारी किए गए हैं। विधायक ने कहा कि जिले में आपदा के बाद निर्माण और क्षतिपूर्ति के लिए जिला प्रशासन ने 42 करोड़ रुपये मांगे हैं। श्री आर्य ने बताया कि जिले को अभी तक कुल सोलह करोड़ की राशि अवमुक्त हो चुकी है। प्रश्न के जवाब में उन्होंने बताया कि उत्तरायणी मेले के दौरान मुख्यमंत्री की तरफ से हुई घोषणा के मुताबिक शामा उपतहसील के गठन की प्रक्रिया शासन में विचाराधीन है। विधायक ने कपकोट क्षेत्र में बाढ सुरक्षा कार्यों को लेकर भी उनसे सवाल किया। मंत्री ने बताया कि सर्वे के बाद 24.91 करोड़ की तीन योजनाएं गठित की गई हैं। स्वीकृति के साथ ही धन का आवंटन होगा। विधायक के सवाल के जवाब में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रीतम सिंह ने बताया कि शामा और धरमघर में गैस गोदाम खोलने का प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया है। विधायक ने मल्ला दानपुर में राशन का कोटा बढाने, पहाड़ में सस्ता गल्ला विक्रेता के लाइसेंसाें के मानकों में ससोधन करने,अनाज की गुणवत्ता पर ध्यान रखने, विभाजित परिवारों को भी राशन कार्ड देने, पूर्ति निरीक्षकों की नियुक्ति करने की भी मांग की। मंत्रियों ने इन मामलों में हुई प्रगति की जानकारी दी।

Related posts