
पौड़ी। जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक यशवंत चौधरी ने विगत दस सितंबर से बिना सूचना के स्कूल की चाबी लेकर गायब चल रहे एकेश्वर ब्लाक के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नंदाखाल के प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया है। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी को उक्त शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी यशवंत चौधरी ने बताया कि एकेश्वर ब्लाक के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नंदाखाल में प्रधानाध्यापक पद पर तैनात ओम प्रकाश विगत दस सितंबर से बिना किसी सूचना के गायब चल रहे हैं। प्रधानाध्यापक अपने साथ स्कूल की चाबी भी ले गए हैं। उनके द्वारा स्कूली की चाबी ले जाने से कई दिन तक स्कूल में पठन पाठन और मध्यान्ह भोजन योजना कार्य भी प्रभावित रहा।
बाद में विभागीय अधिकारियों और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में ताला तोड़ना पड़ा। जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक ने बताया कि जांच के बाद खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर प्रधानाध्यापक ओम प्रकाश को बुधवार को निलंबित कर दिया गया है। खंड शिक्षा अधिकारी को उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।
