
लोहाघाट। नगर तथा ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों ने क्षेत्रीय विकास को लेकर दलगत राजनीति से ऊपर उठकर नया सोच पैदा करने की आवश्यकता पर जोर दिया है। बैठक में जानकारी दी गई कि लोहाघाट के जिला संसाधन केंद्र (डीआरसी) को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) दर्जा मिल गया है।
रामलीला मंच में व्यापारियों, नागरिकों तथा दलीय कार्यकर्ताओं की बैठक में वक्ताओं का कहना था कि सभी लोग सियासी सोच से ऊपर उठते हुए जनहित के सभी कार्यों में पूरा सहयोग देंगे। इस अवसर पर डीआरसी को पूर्ण डायट का दर्जा दिए जाने पर विधायक पूरन सिंह फर्त्याल के प्रयासों की सराहना की गई। वक्ताओं ने केंद्रीय मंत्री हरीश रावत, राज्यसभा सदस्य महेंद्र सिंह माहरा से अपील की कि नगर तथा ग्रामीण क्षेत्रों की पेयजल आवश्यकता को पूरा करने के लिए सरयू लिफ्ट पेयजल योजना तथा झील निर्माण को शीघ्र स्वीकृति दिलाएं।
बैठक में व्यापार संघ के अध्यक्ष भैरव राय, गोविंद बोहरा, विपिन वर्मा, प्रह्लाद मेहता, गोविंद वर्मा, नरेश राय, नवीन बोहरा, ईश्वरी साह, विनोद ढेक, सीएस जोशी, योगेश मेहता, आनंद राय का कहना था कि जिला संसाधन केंद्र के उच्चीकरण से क्षेत्रीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है। जगदीश साह, विमल कलौनी, पूरन उप्रेती, अर्जुन छतोला, जगदीश खर्कवाल, मुकेश साह, सुरेश गड़कोटी, हरीश मेहता, नरेश जुकरिया आदि ने सभी राजनैतिक दलों के कार्यकर्ताओं से विकास के लिए एकमंच में आने का आह्वान किया।
