बारिश ने सड़ाई एक करोड़ की सब्जी

अल्मोड़ा। जून और जुलाई में भारी बारिश से सब्जी को हुई क्षति का आकलन राजस्व और उद्यान विभाग ने पूरा कर लिया है। बारिश से पूरे जिले में सब्जी को करीब 30 फीसदी तक नुकसान पहुंचा है। इससे जिले में 81.69 लाख रुपये क्षति का अनुमान है। उद्यान विभाग ने क्षति की रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंप दी है, लेकिन प्रभावित काश्तकारों को मुआवजा नहीं मिला है।
जिले के धौलादेवी, लमगड़ा, ताकुला, सल्ट, भिकियासैंण, ताड़ीखेत में आलू, गोभी, मिर्च, शिमला मिर्च, टमाटर, बैगन आदि का बहुतायत में उत्पादन होता है। कई काश्तकारों की आजीविका खेती पर ही निर्भर है। जून और जुलाई में क्षेत्र में काफी बारिश हुई। कई दिन तक धूप नहीं खिलने से मिर्च, शिमला मिर्च, टमाटर, बैंगन, फूल गोभी, बंदगोभी के पौधों को नुकसान पहुंचा। उत्पादन कम होने से बरसात के मौसम में सब्जी के दाम काफी बढ़ गए थे।
काश्तकारों ने जिला प्रशासन से क्षति का आकलन कर मुआवजा देने की मांग उठाई थी। जिलाधिकारी अक्षत गुप्ता ने राजस्व और उद्यान विभाग के अधिकारियों को क्षति का आकलन करने के निर्देश दिए थे। अगस्त में राजस्व और उद्यान विभाग के कार्मिकों ने विकासखंड वार सब्जी को हुई क्षति का आकलन किया। जिला उद्यान अधिकारी दयालु राम ने बताया कि काकड़ीघाट, ताड़ीखेत, सल्ट, भिकियासैंण क्षेत्र में सब्जी फसलों को अधिक नुकसान हुआ है। इन इलाकों में करीब 50 फीसदी क्षति पहुंची है। अन्य सब्जी उत्पादक क्षेत्रों में भी 20 से 30 फीसदी तक फसल प्रभावित हुई। जिले में कुल मिलाकर सब्जी फसलों को 20 से 30 फीसदी नुकसान पहुंचा है। आकलन के अनुसार सब्जी फसलों को 81,69,131 रुपये की क्षति हुई है। उन्होंने बताया कि क्षति की रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंप दी गई है।

Related posts