सावेरी और अमित ने मचाई धूम

सावेरी और अमित ने मचाई धूम
अर्की (सोलन)। जिला स्तरीय सायर मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या सारेगामा फेम सावेरी भट्टाचार्य और अमित साना के तरानों के साथ संपन्न हो गई। ‘सुन रहा है न तू, ये रो रही हूं मैं’ और ‘झूमका भी मैं भूल गई’, ‘मेरा चैन वैन सब उजड़ा’ और ‘आपका क्या होगा जनाबे अली’ हिंदी गानों से सावेरी ने समां बांधा ।
सावेरी के स्टेज पर पहुंचते ही दर्शक दीर्घा में बैठे युवाओं ने सीटियां बजा कर उनका स्वागत किया। स्टार नाइट के प्रमुख कलाकार के रूप में अमित साना एवं सावेरी भट्टाचार्य ने दर्शकों की पसंद के गाने गाए। अमित साना के ‘ओ मेरी जोहरा जबीं तुझे मालूम नहीं’ गाने पर खूब धमाल मचा। अर्की के ऐतिहासिक चौगान में जुटी भीड़ ने स्टार नाइट का भरपूर मजा लिया। इससे पूर्व बीस सूत्रीय कार्यक्रम एवं योजना बोर्ड के अध्यक्ष रामलाल ठाकुर ने द्वीप प्रज्ज्वलित करके सायर मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया। मेला समिति ने स्मृति चिन्ह, शॉल तथा हिमाचली टोपी पहनाकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
इस दो दिवसीय सायर मेले का प्रमुख आकर्षण झोटों की प्रदर्शनी रही, वहीं सांस्कृतिक संध्या के मौके पर नामी कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम को भी स्थानीय जनता ने पसंद किया। कमला ठाकुर की गीतों से शुरू हुई सांस्कृतिक संध्या के मंच पर स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला। सोलन से सोनू, दीप राम, मास्टर लक्की, सुनीता और सुरेश शर्मा आदि ने भी अपनी प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। इससे पूर्व हिमाचल, पंजाब और हरियाणा सहित विभिन्न स्थानों से मेले में पहुंचे पहलवानों ने दंगल में भाग लिया। रात्रि कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि राम लाल ठाकुर के अलावा मेला समिति अध्यक्ष सीमा शर्मा, सदस्य सतीश कश्यप, अर्की ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष संजय अवस्थी, एसडीएम अर्की एल आर वर्मा, कुलदीप सूद, एच आर वर्मा और अनुज गुप्ता आदि मौजूद रहे।

Related posts