सौ करोड़ से मंडी शहर को चौबीस घंटे पानी

मंडी। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा ने कहा कि शहर के लिए 100 करोड़ की पेयजल योजना बनाई जाएगी। इसके तैयार होने से मंडी शहर में चौबीस घंटे पानी की आपूर्ति होगी। बुधवार को मंडी के प्राचीन सिद्ध गणपति मंदिर में आयोजित दस दिवसीय गणेश उत्सव के समापन पर अनिल शर्मा ने यह बात कही। कहा कि मंडी शहर को छोटी काशी के रूप में ख्याति प्राप्त है। शहर के विकास के लिए अनेक योजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं तथा शीघ्र ही इन्हें अमलीजामा पहनाया जाएगा। शहर में बढ़ रहे यातायात के चलते लोगों को पार्किंग सुविधा उपलब्ध हो, इसके लिए पार्किंग कांप्लेक्स बनाए जाएंगे। शहर को पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित किया जाएगा। उन्होंने मंदिर में पूजा अर्चना की तथा दस दिन तक चले गणेश उत्सव के समापन पर पूर्ण आहुति डाली। मंदिर कमेटी की ओर से सलाहकार अशोक गुप्ता और मंदिर ट्रस्ट के प्रधान दीनानाथ सैणी ने अनिल शर्मा को सम्मानित किया। इस मौके पर सदर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नारायण सिंह गुलेरिया, महामंत्री हिमांशु शर्मा आदि मौजूद रहे।

Related posts