
जुखाला (बिलासपुर)। दावीं घाटी के प्रसिद्घ सायर मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक नगमें प्रस्तुत कर धमाल मचा दिया। मनाली से आई कलाकारा नीरू चांदनी ने अपनी सुरीली आवाज में ऐसा समां बांधा की माहौल सुरमय हो गया। उनके गीतों पर दर्शक संग-संग गुनगुनाने के साथ ही अपनी जगह थिरकने के लिए मजबूर हो गए। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त खंड चिकित्सा अधिकारी डा. आरके सक्सेना ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
स्थानीय लोक गायक प्रकाश चंद शर्मा ने गणेश वंदना गणपति गौरी नाथ…के साथ सांस्कृतिक संध्या का आगाज किया। उनका ‘बगा च मोर बोले’ सराहनीय रहा। अनिल मान ने पंजाबी तराने छेड़ माहौल रंगीन बनाने में कसर नहीं छोड़ी। नीरू चांदनी ने मंच संभालते ही ‘लच्छी-लच्छी लोग ग्लांदे…’गीत से दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया। ‘मां शेरा वाली ए…’भजन के साथ अपने कार्यक्रम की शुरूआत की। उन्होंने लगभग दो घंटे तक मंच संभाला। दर्शकों के बीच जाकर उन्होंने तरानें छेड़े तो युवा दिलों के तार झनझना उठे।
उन्होंने ‘भला सिपहिया डोगरिया…’ ‘देश शोभला हिमाचल म्हारा..,’ प्यारी इंद्रा… जैसे कई गीत गाए। उनका ‘रोहडू जाना मेरी आमीए..,’ ‘रंग लाणा कि चुना ओ साहिबा री बीबीए..,’ ‘कुल्लू-मनाली लगा मेला..,’ ‘लाल चीड़िए ओ..,’ ‘चंबा वार की नदिया पार…’ जैसे गीत भी सराहनीय रहे।
इस मौके पर भाजयुमो के जिला अध्यक्ष बृज लाल ठाकुर, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष दौलत राम ठाकुर, बीडीसी चेयरमैन अमर सिंह ठाकुर, माकडी मारकंड पंचायत के पूर्व प्रधान हंस राज शर्मा, डा. देव राज शर्मा, सुख राम सोढ़ी, सुशीला धीमान, सरोज सांख्यान आदि उपस्थित थे।
