
ऊना। पुलिस ने सिंगा पंचायत के प्रधान जसविंद्र बिंदू को गिरफ्तार कर लिया है। प्रधान पर सिंगा गांव के ही योगराज ने रास्ता रोकने तथा मारपीट करने का आरोप लगाया था। गाली गलौच करने और जान से मारने की धमकियां देने का भी प्रधान पर आरोप लगा है। आरोप है कि घटना के बाद आरोपी प्रधान मौके से फरार हो गया था। इस घटना को लेकर प्रधान जसविंद्र बिंदू के खिलाफ हरोली थाने में अभियोग संख्या 159/13 के अधीन भादंसं की धारा 341, 323, 504 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी प्रधान ने जिला एवं सत्र न्यायालय ऊना में अग्रिम जमानत के लिए अरजी दायर की थी। अरजी पर बुधवार को सुनवाई के दौरान न्यायालय ने इसे खारिज कर दिया। अरजी खारिज होते ही न्यायालय परिसर में पहले से तैनात पुलिस की टीम ने प्रधान को हिरासत में ले लिया। आरोपी प्रधान की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस प्रधान को दोबारा न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है। डीएसपी सुरेंद्र शर्मा ने प्रधान जसविंद्र बिंदू की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रधान को ऊना में हिरासत में लिया गया। उन्होंने कहा कि आरोपी प्रधान को वीरवार को दोबारा न्यायालय में पेश किया जाएगा। डीएसपी ने कहा कि न्यायालय में आरोपी प्रधान की अग्रिम जमानत अरजी खारिज होने के बाद यह गिरफ्तारी हुई।
पहले भी विवादों में रहे बिंदू
सिंगा पंचायत के प्रधान जसविंद्र बिंदू पर हाल ही में एक महिला ने दुराचार करने का आरोप लगाया गया था। इस पर गिरफ्तारी से बचने के लिए काफी समय तक प्रधान फरार रहा। बाद में भाजपा के लोगों ने बिंदू के पक्ष मेें धरना प्रदर्शन भी किया था। विधानसभा चुनाव के दौरान भी प्रधान पर सिंगा गांव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट करने के आरोप लगे थे। तलवारों से हमले की एक वारदात में भी प्रधान तथा विरोधी पक्ष की ओर से दायर शिकायत पत्रों के आधार पर क्रास एफआईआर दर्ज हुई थी।
