
रामपुर बुशहर। बाजार में दुकानों के बाहर सामान सजा कर बैठे दुकानदारों पर शहरी पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। इसी कड़ी में पुलिस ने मंगलवार को दुकानों से बाहर सामान लगा कर बैठे करीब 15 दुकानदारों के चालान काटे हैं। वहीं, रेहड़ी-फड़ी वालों को अवैध रूप से लगाई गई रेहड़ियों को हटाने के आदेश दिए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रामपुर बाजार में अवैध रास्तों में अतिक्रमण कर कारोबार कर रहे दुकानदारों के चालान काटे गए हैं। ये दुकानदार दुकानों से बाहर रास्ते में सामान रख कर कारोबार कर रहे थे। ‘अमर उजाला’ ने इस मामले को प्रमुखता के साथ उठाया था। इस पर संज्ञान लेते हुए पुलिस टीम ने कारोबारियों पर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने साफ कर दिया है कि अवैध रूप से रास्तों में अतिक्रमण कर दुकानें सजाए बैठे कारोबारियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
डीएसपी रामपुर सुनील नेगी ने बताया कि अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके बारे में नगर परिषद से भी बात की गई है। अवैध रूप से रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों को हटने और स्थायी दुकानदारों को रास्ते में सामान न लगाने की चेतावनी दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वाले किसी भी कारोबारी पर पुलिस एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
