
रोहडू। विंकल हत्याकांड में पुलिस ने लंबे समय के बाद एक युवक को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच के दौरान पुलिस को युवक पर हत्याकांड में संलिप्त होने का शक हुआ। इसी आधार पर युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस रिमांड में लेने के बाद युवक से मामले को लेकर पूछताछ की जारी है। पुलिस पूछताछ में हत्याकांड की गुत्थी सुलझने की संभावना है।
नगर परिषद रोहडू के तहत गंगटोली में शुक्रवार, एक मार्च 2013 की सुबह 24 वर्षीय विंकल का शव पुलिस थाना से दो सौ मीटर की दूरी पर मिला था। युवक की निर्मम हत्या करके उसे झाड़ियों में फेंक दिया गया था। हत्याकांड के मामले में पुलिस ने शक के आधार पर कुछ लोगाें का पॉलीग्राफ टेस्ट भी करवाया। इसी बीच लंबे समय से जांच में जुटी पुलिस को अढ़ाल गांव निवासी युवक देविंद्र ठाकुर के हत्याकांड में शामिल होने का शक हुआ। पुलिस ने शक के आधार पर युवक को गिरफ्तार कर लिया। युवक को 24 सितंबर कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। डीएसपी रोहडू राजकुमार चंदेल ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को अढ़ाल गांव के देविंद्र ठाकुर पर शक हुआ। इसी आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया है। युवक 24 सितंबर तक पुलिस रिमांड पर है। युवक से पूछताछ की जा रही है
