
कंडवाल (कांगड़ा)। उपमंडल नूरपुर के नागावाड़ी क्षेत्र के तीन दोस्तों की चंबा जिला के बग्गा में दर्दनाक हादसे में मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार तीनों युवक अपनी बाइक पर मणिमहेश यात्रा पर निकले थे। सोमवार को वापसी पर उनकी बाइक रावी नदी में गिर गई, जिससे तीनों की यह अंतिम यात्रा बन गई। नूरपुर के टिप्परी गांव के बब्बू, नागावाड़ी गांव का अंकुश तथा पक्का टियाला गांव का रविंद्र एक ही बाइक पर मणिमहेश यात्रा पर गए हुए थे। सोमवार को जब ये तीनों भरमौर से अपने घर वापस आ रहे थे तो अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर बग्गा में रावी में गिर गई। मंगलवार को बब्बू का उसके पैतृक गांव टिप्परी में अंतिम संस्कार कर दिया गया। बब्बू नागावाड़ी में एक हलवाई की दुकान पर काम करता था। वहीं नदी से मंगलवार सायं अंकुश निवासी नागावाड़ी का शव भी निकाल लिया गया। मंगलवार देर रात्रि तक उसका शव नागावाड़ी पहुंचने की उम्मीद है। लेकिन अभी तक नदी से पक्का टियाला निवासी रविंद्र का शव नहीं मिल पाया है। चंबा प्रशासन शव की तलाश में जुटा हुआ है। गांववासियों के अनुसार तीनों मित्र बड़ी खुशी से मणिमहेश यात्रा के लिए घरों से निकले थे।
इलाके में शोक की लहर
नागावाड़ी पंचायत के उपप्रधान करनैल सिंह ने बताया कि तीनों युवक अच्छे मित्र थे तथा तीनों ही अविवाहित थे। उन्होंने बताया कि इस दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं सांसद डा. राजन सुशांत, पूर्व मंत्री केवल सिंह पठानिया, विधायक अजय महाजन, पूर्व विधायक राकेश पठानिया व रंजीत बख्शी, जिला भाजपा महासचिव रणवीर सिंह निक्का, कांग्रेस नेता आरके महाजन व मनोज पठानिया ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा अफसोस जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना जताई हैं।
बाइक और तीसरे युवक की तलाश जारी
भरमौर (चंबा)। मणिमहेश यात्रा के दौरान मोटरसाइकिल सहित लापता हुए नूरपुर के तीन युवकों में से दूसरे का शव भी धरवाला स्थित बग्गा डैम से बरामद कर लिया गया है। इसकी पहचान अंकुश शर्मा (25) उर्फ बिक्का पुत्र रामलाल शर्मा निवासी नागबाड़ी डाकघर लोधरा तहसील नूरपुर के तौर पर हुई है। तीसरे साथी रविंद्र कुमार (27) उर्फ बिंदु पुत्र ज्ञान सिंह निवासी नागबाड़ी का अभी तक पता नहीं चला है। इसके साथ ही इनकी मोटरसाइकिल भी रावी में ही समाई हुई है, जिसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। डीएसपी हेडक्वार्टर जितेंद्र चौधरी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि तीसरे युवक की तलाश जारी है। अगर शव व मोटरसाइकिल नहीं मिलते हैं तो डैम खाली करवाने के लिए केंद्र से इजाजत लेनी पड़ेगी।
