
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। पिछले 50 घंटों से देहरा उपमंडल के कई गांवों में बिजली ठप है। कुछ दुकानदारों ने लोगों की मजबूरी का फायदा उठाते हुए इसे कमाई का साधन बना लिया है। दुकानों में जेनरेटर सेट लगाकर एक मोबाइल की बैटरी 20 रुपये में चार्ज की जा रही है। परेशान लोग मजबूरन 20 रुपये दे रहे हैं। ऐसी दुकानों में लोगों की लाइनें लगी हुई हैं।
रविवार को आए भयंकर तूफान के बाद लोग अपनों को सही सलामत होने की जानकारी फोन पर दे रहे हैं। ऐसे में उन्हें मोबाइल बैटरी चार्ज कराने के 20 रुपये ज्यादा तो नहीं लग रहे, लेकिन अंदरखाते लूट खसोट की निंदा कर रहे हैं। वहीं, तीन दिन से विद्युत आपूर्ति बहाल न होने से बिजली बोर्ड के प्रति गुस्सा भी है। देहरा उपमंडल में 120 से ज्यादा बिजली के खंभे अंधड़ में गिर चुके हैं। कई ट्रांसफार्मर जल चुके हैं। विभाग दावा कर रहा है कि एक सप्ताह में विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
देहरा के कई गांवों में तूफान ने जहां आम लोगों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं, वहीं कुछ लोगों की चांदी भी हो रही है। यही नहीं जिन क्षेत्रों में सड़क मार्ग ठप हैं, वहां टैक्सी चालक भी मोटी कमाई कर रहे हैं। ग्रामीणों को मुख्य मार्ग तक पहुंचाने के लिए दो से तीन गुना अधिक किराया वसूला जा रहा है।
