
जोधपुर: राजस्थान हाईकोर्ट में नाबालिग से यौन शोषण के आरोपों में फंसे कथावाचक आसाराम बापू की जमानत याचिका पर आज फिर सुनवाई होगी। जज निर्मलजीत कौर की अदालत में अभियोजन पक्ष की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता आनंद पुरोहित और उनके सहयोगी प्रद्युम्नसिंह तथा पीड़िता के पिता की ओर से अधिवक्ता मनीष व्यास बहस करेंगे।
गौरतलब है कि जोधपुर हाईकोर्ट में सोमवार को देश के जानेमाने लॉयर राम जेठमलानी आसाराम की ओर से बहस पूरी कर चुके हैं। जेठमलानी के अनुसार एफआईआर, क्राइम सीन, लड़की की उम्र और यह पूरा मामला ही तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है। जेठमलानी ने इस बात का भी उल्लेख किया कि लड़की (पीड़िता) पुरानी बीमारी से पीड़ित है जो ‘‘महिला को पुरुष की ओर आकर्षित करती है’’ और यह पुलिस जांच का विषय है।
